बेल्थरा में थानाध्यक्ष पर पैसे लेकर कार्रवाई का आरोप, खोला मोर्चा
रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। बलिया के बेल्थरा रोड में भाजपा शक्ति केंद्र संयोजक समीर मौर्य सहित चार लोगों पर मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई से नाराज भाजपा नेताओं ने उभांव थानाध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप सिंह ने थानाध्यक्ष पर विपक्ष से पैसा लेकर कार्रवाई करने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मंगलवार को फरसाटार गांव में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने हिंदू युवकों की पिटाई की। इस घटना में भाजपा का बूथ अध्यक्ष भी घायल हुआ।
थानाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिंह ने पहले सुलह-समझौते की बात की। लेकिन बाद में विपक्ष की तरफ से दी गई तहरीर पर भाजपा नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। भाजपा नेताओं का आरोप है कि समीर मौर्य का नाम शिकायत में नहीं था और वे घटनास्थल पर मौजूद भी नहीं थे।
कोई टिप्पणी करने से इनकार भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष पंकज पांडेय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सीएमओ कार्यालय, डीजीपी और बलिया पुलिस को टैग करते हुए शिकायत की है। पार्टी नेता जिलाध्यक्ष और एसपी से भी मिलने की तैयारी कर रहे हैं। इस मामले में उभांव थानाध्यक्ष ने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। बलिया पुलिस ने क्षेत्राधिकारी रसड़ा को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं।
