रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के नगरीपार गांव में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा हुआ। हनुमान मंदिर के पीछे स्थित खेतों में हाईटेंशन तार से गिरी चिंगारी से भीषण आग लग गई।
इस हादसे में तीन किसानों की लगभग डेढ़ बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। धर्मेंद्र यादव के खेत में लगे हाईटेंशन पोल से बुधवार की शाम करीब 4 बजे चिंगारी गिरी। इससे उनकी पांच मंडा फसल जल गई। साथ ही नर्वदेश्वर उपाध्याय और धरणीधर उपाध्याय की भी पांच-पांच मंडा फसल आग की चपेट में आ गई।घटना के समय वहीं गांव के पास में भैंस चरा रहे लोगों ने हाईटेंशन तार से चिंगारी गिरते देखा और शोर मचाया। आग की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मिलकर कई घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की जानकारी मिलने के कई घंटे बाद तक अग्निशमन दल मौके पर नहीं पहुंच सका।
ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसी के साथ पीड़ित ग्रामीणों ने लेखपाल को फोन पर घटना की जानकारी दी है। लेखपाल ने अगले दिन सुबह आकर रिपोर्ट बनाने का आश्वासन दिया है।
