रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
आजमगढ़। आजमगढ़ में महिला की धारदार हथियार से हमला करके हत्या कर दी। महिला रामदुलारी (54) रात में छत पर मच्छरदानी लगाकर सो रही थी। बुधवार सुबह ड्यूटी से लौटे होमगार्ड पति जब घर पहुंचे तब घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंचकर जांच कर रही है। वारदात तरवा थाना क्षेत्र के किशुनदासपुर की है।
मृतका के पति अगस्त तिवारी ने गांव के पट्टीदार पर हत्या के आरोप लगाए। उन्होंने कहा- हमारी पट्टीदार मनोज तिवारी से मुकदमा चल रहा था। हमारी पत्नी ने रिश्ते के बाल मोहन तिवारी की सेवा की थी। इसी के बाद उन्होंने संपत्ति पत्नी रामदुलारी के नाम कर दिया था।
इसी बात से नाराज होकर मनोज तिवारी 5 लाख रुपए की डिमांड कर रहा था। मेरी पत्नी ने कहा कि यह संपत्ति मुझे सेवा के बदले मिली है। मैं रुपए क्यों दूं। इसी बात को लेकर आरोपी ने घटना को अंजाम दिया है।
पति अगस्त तिवारी ने बताया- मैं सुबह 7 बजे रात की ड्यूटी करके घर पहुंचा। तो बेटा घर के बाहर सो रहा था। मैंने घर का दरवाजा खटखटाया तो गेट नहीं खुला। इसके बाद सीढ़ी लगाकर छत पर गया तो मेरे होश उड़ गए थे। पत्नी खून से लथपथ पड़ी थी। जबकि मच्छरदानी अलग थी। मैंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
महिला रामदुलारी के 8 बच्चे हैं। इनमें से 5 बेटियों की शादी हो चुकी है जबकि 2 बेटियां ननिहाल गईं थी। वहीं नाबालिग बेटा घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था।
तरवा थाना क्षेत्र में जिस अगस्त तिवारी की पत्नी रामदुलारी की हत्या हुई। वह तरवा थाने में ही तैनात थे। उन्होंने कहा- पत्नी से लगातार पट्टीदार मनोज तिवारी रुपए मांग रहा था। इस मामले को पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया। इसलिए आरोपी ने नृशंस हत्या कर दी।
