रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के धन धनेजा गांव के 29 वर्षीय योगेंद्र कुमार का शव चार दिन बाद बिहार के सिवान में बरामद हुआ है। योगेंद्र 27 मई को एक फोन कॉल के बाद सिवान जाने की बात कहकर स्कॉर्पियो से निकले थे।
रात तक वापस न लौटने पर परिवार ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की। उनका मोबाइल बंद मिला। परिजनों ने 28 मई को थाना सिकंदरपुर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस को योगेंद्र की अंतिम लोकेशन बिहार के सिवान के मुसाफिर थाना क्षेत्र में मिली।
स्थानीय पुलिस और परिजन बिहार पहुंचे। बिहार पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में सेमरिया बाजार निवासी मनोज कुमार ने अपराध स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उरई बाजार के पास स्थित नहर से योगेंद्र का शव बरामद किया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा। शुक्रवार सुबह जब मृतक का शव उनके पैतृक गांव धनेजा पहुंचा, तो पूरे गांव में शोक छा गया।
