मुरली मनोहर पांडेय
लखनऊ। गोंडा के भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप का एक महिला के साथ पार्टी कार्यालय में आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर कश्यप को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए सीसीटीवी फुटेज में कश्यप को 12 अप्रैल 2025 की रात 9:39 बजे पार्टी कार्यालय की सीढ़ियों पर एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा गया है। इस वीडियो के आधार पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री व मुख्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला ने नोटिस जारी करते हुए कश्यप के कृत्य को पार्टी की छवि के लिए नुकसानदेह और अनुशासनहीनता करार दिया है। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि तय समय में जवाब न देने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अमर किशोर कश्यप ने वीडियो में महिला कार्यकर्ता के साथ होने की बात स्वीकार की, लेकिन इसे गलत तरीके से प्रस्तुत करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि 12 अप्रैल को भोपतपुर की एक महिला कार्यकर्ता ने स्टेशन से फोन कर अपनी तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी। कश्यप ने कहा, "मैंने अपनी गाड़ी से उन्हें कार्यालय लाया। सीढ़ियां चढ़ते समय उन्हें चक्कर आ गया, तो मैंने उनकी मदद की। इस फुटेज को तोड़-मरोड़कर गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।" उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा कि कुछ लोग उनकी मेहनत और कार्यशैली से परेशान होकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
वायरल वीडियो ने भाजपा के भीतर हलचल मचा दी है। पार्टी नेतृत्व ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रदेश नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस घटना ने स्थानीय स्तर पर भी चर्चा का बाजार गर्म कर दिया है, और आने वाले दिनों में इस मामले में पार्टी की ओर से क्या कदम उठाया जाता है, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।
