रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ के मधुबन में नए एसडीएम राजेश अग्रवाल ने त्वरित न्याय की मिसाल पेश की है। उन्होंने बुधवार को दो पुराने भूमि विवादों का मौके पर ही समाधान किया।
पहला मामला ग्राम पतजीवा का था। यहां परमानंद यादव और परमजोत के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा था। एसडीएम ने राजस्व टीम और दोहरीघाट पुलिस बल की मौजूदगी में दोनों पक्षों के दस्तावेजों की जांच की। दीवानी न्यायालय ने इस मामले में चार बैनामों को पहले ही निरस्त कर दिया था। साथ ही वादी के कब्जे में हस्तक्षेप से मना किया था। एसडीएम ने दोनों पक्षों की बात सुनकर विवाद का निपटारा किया दूसरा विवाद ग्राम शक्करपुर वारा में था। यहां ग्राम समाज की भूमि पर खड़ंजा निर्माण को कुछ प्रभावशाली लोग रोक रहे थे। एसडीएम ने पुलिस बल और राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचकर नियमानुसार कार्रवाई की। अतिक्रमण हटाकर खड़ंजा निर्माण का रास्ता साफ किया।
एसडीएम राजेश अग्रवाल का कहना है कि अधिकतर विवादों का समाधान आपसी समझ से संभव है। लंबी कानूनी प्रक्रिया से न्याय में देरी होती है। उनका प्रयास रहेगा कि लोगों को समय पर उचित न्याय मिले।
