रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। चित्रकूट के मऊ थाना क्षेत्र में फेसबुक पोस्ट को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ग्राम पिपराऊत में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। राकेश सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनके पड़ोसी चंद्रकांत पांडे, छोटू पांडे, रजनीश पांडे, रमन निवास पांडेय और जानू पांडेय ने एकजुट होकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
इस हमले में राकेश के पिता राम शिरोमणि को गंभीर चोटें आईं। साथ ही आवेदक राकेश, सुधीर, सुनील, मनजीत और श्रीमती गिरिजा देवी भी घायल हुए। पीआरबी की मदद से घायल राम शिरोमणि को मऊ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के आठ बच्चे हैं, जिनमें पांच लड़कियां और तीन लड़के हैं। थाना प्रभारी दुर्विजय सिंह ने बताया कि मामले में धारा 115(2), 103(1), 352, 351 (3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मृतक की लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी करेगी। क्षेत्राधिकारी मऊ भी मौके पर पहुंचे। उल्लेखनीय है कि यह घटना दो समुदायों के बीच हुई, जहां मृतक आरख बिरादरी से और आरोपी पंडित है।