मुरली मनोहर पांडेय
मऊ। सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर पर हुए हमले को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने सत्ता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। AAP ने इसे सत्ता प्रायोजित हमला करार देते हुए शासन-प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगी।
मऊ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में AAP के जिला अध्यक्ष विक्रम ने कहा कि महेंद्र राजभर पर सुहेलदेव मूर्ति स्थापना के भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजेश राजभर द्वारा की गई मारपीट एक सुनियोजित साजिश है। उन्होंने इसे सत्ता की ताकत का दुरुपयोग बताते हुए कड़े शब्दों में निंदा की। विक्रम ने कहा, "यह हमला किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि सत्ता के इशारे पर किया गया है। शोषितों, वंचितों और अल्पसंख्यकों की आवाज को दबाने की कोशिश हो रही है।"
AAP ने मांग की है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए और प्रदेश के मुख्यमंत्री इस घटना का तत्काल संज्ञान लें। विक्रम ने सवाल उठाया कि आखिर किसके इशारे पर प्रदेश में खुलेआम गुंडागर्दी हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर शासन-प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई नहीं की, तो AAP सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी।
