रिपोर्ट : रंजना तिवारी
देवरिया/बरहज: बरहज थाना क्षेत्र के जयनगर निवासी एक किशोर डुग्गू गुप्त (पुत्र बच्चा गुप्त) शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे सरयू नदी में डूबने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना उस समय हुई जब डुग्गू अपनी दादी के अंत्येष्टि संस्कार के बाद सरयू तट पर स्नान करने गया था।
जानकारी के अनुसार, अंत्येष्टि संस्कार के बाद स्नान के दौरान डुग्गू का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगा। किशोर को डूबता देख स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे नदी से बाहर निकाला और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए महर्षि देवरहवा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से किशोर की जान बचाई जा सकी। फिलहाल, डुग्गू का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
