मुरली मनोहर पांडेय
बलिया। जिले के उभांव थाना क्षेत्र के सब्दलपुर चट्टी के पास शुक्रवार देर रात पुलिस चेकिंग के दौरान एक मुठभेड़ में बदमाश दीपक पासवान घायल हो गया, जबकि उसका साथी सतीश सैनी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दीपक के बाएं पैर में गोली लगी। घायल बदमाश का इलाज बलिया सदर अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने दीपक पासवान, निवासी वार्ड नं. 9, कस्बा रेवती, को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पूछताछ में पता चला कि दीपक और उसके साथियों ने 20 मई और 4 जुलाई की रात को पकड़ीडीह में देशी शराब की दुकान से शराब की पेटियां, नकदी और स्कैनर चोरी किया था। इसके अलावा, 9 मई को गडवार थाना क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी। फरार बदमाश सतीश सैनी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर ने बताया कि रात में चेकिंग के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी गोली से दीपक घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरा बदमाश भाग निकला। पुलिस फरार सतीश सैनी की तलाश में जुटी है।
