रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ के अमिला नगर पंचायत में राशन वितरण में अनियमितता का मामला सामने आया है। क्रय विक्रय के कोटेदार रितेश राय पर कार्डधारकों ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
कार्डधारकों का कहना है कि जून माह का राशन अभी तक नहीं मिला है। कोटेदार ने पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाया, लेकिन राशन का वितरण नहीं किया। कुछ लोगों को राशन दिया भी गया तो प्रति व्यक्ति 2 किलो कम दिया गया।
समसुन निशा, बबलू, हरिहर प्रसाद, तारा, गुड्डी और सेवा देवी समेत कई कार्डधारकों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि कोटेदार की जगह एक स्थानीय गल्ला व्यवसायी राशन का वितरण कर रहा है। कार्डधारकों ने शिकायत की है कि जब वे कम राशन मिलने पर एतराज करते हैं, तो उन्हें टाल दिया जाता है।
अमिला नगर पंचायत में कुल 267 राशन कार्डधारक हैं। पीड़ित कार्डधारक अब अधिकारियों के पास न्याय के लिए चक्कर लगा रहे हैं। घोसी के खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
