मुरली मनोहर पांडेय
सलेमपुर। राष्ट्रीय समानता दल के नेतृत्व में विभिन्न राजनैतिक और सामाजिक संगठनों ने रविवार को एक बैठक आयोजित कर रेलवे में रिक्त पदों पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों की संविदा नियुक्तियों का विरोध किया। संगठनों ने स्टेशन अधीक्षक सलेमपुर को रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
राष्ट्रीय समानता दल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष संजयदीप कुशवाहा ने कहा कि रेलवे में रिक्त पदों पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों की संविदा नियुक्ति युवाओं और आरक्षित वर्ग के साथ धोखा है। इससे युवाओं में बेरोजगारी बढ़ रही है। राष्ट्रीय समानता दल के मुख्य महासचिव अगमस्वरूप कुशवाहा ने आरोप लगाया कि संविदा नियुक्तियों में पक्षपात किया जा रहा है, जिससे आम युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है।
महिला भीम आर्मी की संस्थापक सुरेंद्र बौद्ध ने कहा कि रिटायर्ड अधिकारियों की संविदा नियुक्ति से देश में बेरोजगारी बढ़ रही है और नौकरी की प्रतीक्षा कर रहे युवा हताशा व निराशा का शिकार हो रहे हैं।
संगठनों ने सर्वसम्मति से सरकार से निम्नलिखित मांगें रखीं:
1. रेलवे में रिक्त पदों पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों की संविदा नियुक्ति पर रोक लगाई जाए।
2. रिक्त पदों पर युवाओं को स्थायी नियुक्ति दी जाए।
3. रिक्त पदों पर आरक्षित वर्ग को उचित हिस्सेदारी सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में संजयदीप कुशवाहा, अगमस्वरूप कुशवाहा, सुरेंद्र बौद्ध, श्रीकृष्ण, अभय कुमार, विजय कुमार, रामविश्वास, विजय गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
