रिपोर्ट : रंजना तिवारी
सलेमपुर/देवरिया: सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अहिरौली लाला में शुक्रवार को जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई, जिसमें एक व्यक्ति और उसकी दो बेटियां घायल हो गईं। साथ ही एक महिला के कपड़े फाड़ने की शर्मनाक घटना भी सामने आई है।
पीड़िता संजीता श्रीवास्तव, पत्नी रमेंद्र कुमार श्रीवास्तव, ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव के ही राजीव रंजन श्रीवास्तव उर्फ रौली, धर्मेंद्र कुमार श्रीवास्तव, पूनम देवी (धर्मेंद्र की पत्नी), और राज श्रीवास्तव (धर्मेंद्र के पुत्र) उनके घर पर आ धमके। आरोप है कि इन लोगों ने जमीनी विवाद को लेकर उनके पति रमेंद्र और बेटियों सृष्टि व शगुन के साथ मारपीट की। गाली-गलौज करते हुए आरोपियों ने घर का सामान बाहर फेंक दिया और संजीता का विरोध करने पर उनके कपड़े फाड़ दिए।
कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चारों आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
