रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ के घोसी नगर पंचायत में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान एक विवादास्पद घटना सामने आई है। जिसमें अतिक्रमण के दौरान एक दुकानदार से कहा सुनी के बाद एक पुलिसकर्मी घसीटने लगा। मामला तब हुआ जब शुक्रवार शाम करीब 6 बजे नायब तहसीलदार अभिषेक वर्मा और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चल रही थी।
घोसी नगर के मझवारा मोड पर दुकानदार इंद्रजीत सोनकर ने अधिकारियों से समय की मांग की। इस दौरान पुलिसकर्मी और दुकानदार के बीच कहासुनी हुई। स्थिति तब बिगड़ गई जब पुलिसकर्मी ने दुकानदार की पैंट में हाथ डालकर अमर्यादित तरीके से घसीटते हुए थाने ले गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। थाने में कुछ देर बाद दुकानदार को छोड़ दिया गया। नगर पंचायत के ईओ अनिल कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चल रहा है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे स्वयं अतिक्रमण हटा लें।
कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह ने वीडियो की जानकारी से इनकार किया। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण में बाधा डालने के कारण दुकानदार को थाने लाया गया था। इस घटना के बाद नगर में पुलिस की कार्यशैली को लेकर विभिन्न चर्चाएं हो रही हैं।
