रिपोर्ट : रंजना तिवारी
देवरिया: भाटपार रानी तहसील क्षेत्र के बनकटा थाना क्षेत्र में यूपी-बिहार सीमा पर स्थित एक गांव के निवासी युवक ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक ने बताया कि वह अपनी भगिनी को उसके पड़ोसी गांव में छोड़ने जा रहा था, तभी रास्ते में एक ज्ञात और चार अज्ञात मनबढ़ों ने उसकी भगिनी के साथ छेड़खानी की, भद्दे कमेंट किए और फब्तियां कसीं। विरोध करने पर आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट की, बेल्ट से पिटाई कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इतना ही नहीं, घटना की चर्चा करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
युवक ने अपनी तहरीर में पुलिस से इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में बनकटा थाना प्रभारी नवीन चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यदि आरोप सही पाए गए तो अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी और विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार दोषियों में कानून का भय पैदा करने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।
