रिपोर्ट : रामदुलारी पटेल
बाराबंकी। जनपद इटावा के दांदरपुर गांव में कथा वाचक मुकुट मणि यादव, संत कुमार यादव और उनके सहयोगियों के साथ कथित रूप से वर्ग विशेष के जातिवादी तत्वों द्वारा की गई अमानवीय और शर्मनाक घटना के विरोध में आज बाराबंकी के गन्ना संस्थान में यादव समाज का विशाल जनसमूह एकत्रित हुआ।
बताया गया कि इन कथा वाचकों के साथ जातीय आधार पर असहनीय अत्याचार किए गए, जिसमें मारपीट, सिर मुड़वाना, पैरों पर नाक रगड़वाना, और यहां तक कि एक महिला के मूत्र को उन पर डालने जैसे क्रूर और मानवता को शर्मसार कर देने वाले कृत्य शामिल हैं।
यादव समाज की ओर से के के यादव ने इस घटना को भारत की वैश्विक छवि पर एक गहरा धब्बा बताते हुए कहा कि यह कृत्य अक्षम्य अपराध की श्रेणी में आता है और दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जाना चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि यादव कथा वाचकों पर ब्राह्मण समाज द्वारा दर्ज कराए गए कथित फर्जी मुकदमे को तुरंत वापस लिया जाए।
इन्हीं मांगों को लेकर यादव समाज ने महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे नए तहसीलदार आशुतोष उपाध्याय को सौंपा।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से लाल जी यादव, सुनील यादव, संदीप यादव, ममता यादव, रामू यादव, रेखा देवी, बापू, अजीत कुमार, शीला, रामनारायण यादव, घनश्याम यादव, लवकुश यादव, वीरेंद्र यादव, चंद्रपाल यादव, महेश यादव, रमेश यादव, अंकित यादव, बृजेश यादव, ऋषभ यादव, विक्रांत सैनी, निहाल अहमद सिद्दीकी सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
इस प्रदर्शन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि यदि समय रहते दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो यादव समाज और भी बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

