रिपोर्ट : बीके सिंह
लखीमपुर खीरी: थाना शारदानगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक 12 बोर की बंदूक, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक खीरी संकल्प शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त प्रज्ञानंद वर्मा और संदीप कुमार वर्मा, दोनों पुत्र स्व. हरवंश लाल वर्मा, ग्राम पतरासी, थाना शारदानगर के निवासी हैं। इनके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 168/2025, धारा 109(1) बीएनएस और 3/25/27 व 30 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज है। अभियुक्तों पर ग्राम पतरासी में जान से मारने की नीयत से गोली चलाने का आरोप है।
गिरफ्तारी अपर पुलिस अधीक्षक खीरी के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी सदर के मार्गदर्शन और प्रभारी निरीक्षक शारदानगर के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शिवकुमार, कांस्टेबल सुनील यादव, चन्द्रभान और सिद्धार्थ गौतम शामिल थे।
बरामद हथियार और कारतूस के साथ अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए ऐसी कार्रवाइयाँ निरंतर जारी रहेंगी।
