रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया जिला पंचायत परिसर में एक दबंग युवक द्वारा कर्मचारी और उसकी पत्नी की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। घटना सोमवार शाम की है। वीडियो में दिख रहा है कि युवक दोनों हाथों में डंडा लेकर एक व्यक्ति को पीट रहा है। जब महिला बीच बचाव करने आई, तो आरोपी ने उस पर भी डंडे से हमला कर दिया। कुछ लोगों ने दौड़कर आकर दोनों को अलग किया।
पीड़ित महिला गीता देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति लल्लन यादव जिला पंचायत में कार्यरत हैं। जब उनका पुत्र दुकान पर सामान लेने गया था, तब आरोपी ने उसे गालियां दीं। विरोध करने पर आरोपी घर में घुस आया और उनकी पिटाई कर दी। पति के आने पर उन्हें भी नहीं बख्शा। गीता देवी ने आरोप लगाया कि उक्त युवक आए दिन दबंगई करता रहता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
