रिपोर्ट : रंजना तिवारी
देवरिया। उत्तर प्रदेश पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मेटा कंपनी के अलर्ट की वजह से देवरिया जिले में एक 20 वर्षीय छात्र की जान बच गई। युवक ने आत्महत्या का प्रयास करते हुए इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था, जिसमें उसने लिखा, "भाई लोग माफ करना, आज मैं मरने जा रहा हूं।" मेटा ने इस पोस्ट को गंभीरता से लेते हुए 12 जून को दोपहर 3:44 बजे यूपी पुलिस मुख्यालय के सोशल मीडिया सेल को ईमेल के जरिए अलर्ट भेजा।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए। पुलिस ने युवक के मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की और देवरिया पुलिस को सूचित किया। भलुअनी थाने के उपनिरीक्षक मात्र 12 मिनट में युवक के घर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि युवक कमरे में था। पुलिस ने दरवाजा खोला तो देखा कि युवक ने गमछे से फंदा बनाकर आत्महत्या की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने तुरंत फंदा खोलकर उसे सुरक्षित बचा लिया।
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। माता-पिता द्वारा बैंक लोन न चुका पाने के कारण मिले नोटिस और पारिवारिक कहासुनी से वह अवसाद में था। पुलिस ने प्राथमिक इलाज और काउंसलिंग के बाद उसकी मानसिक स्थिति को स्थिर किया। युवक ने दोबारा ऐसा कदम न उठाने का वादा किया।
उल्लेखनीय है कि यूपी पुलिस और मेटा के बीच 2022 से विशेष सहयोग प्रणाली चल रही है, जिसके तहत आत्महत्या से संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट पर तत्काल अलर्ट भेजा जाता है। इस व्यवस्था के तहत 1 जनवरी 2023 से 31 मई 2025 तक 986 लोगों की जान बचाई जा चुकी है।