अस्पताल को कराया सील, भर्ती मरीजों को सीएचसी में शिफ्ट कराया
रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। मधुबन तहसील के मर्यादपुर स्थित बहादुरपुर गली में शिमला केयर सेंटर नाम से चल रहे अवैध अस्पताल को सोमवार को सील कर दिया गया। कमिश्नर के निर्देश पर एसडीएम राजेश कुमार अग्रवाल ने पुलिस बल के साथ छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पाया गया कि अस्पताल में बाथरूम को ऑपरेशन थिएटर में बदल दिया गया था। मकान की दूसरी मंजिल पर मरीजों के लिए वार्ड बनाए गए थे। जांच में पता चला कि अप्रशिक्षित चिकित्सक द्वारा बाथरूम में एक महिला का ऑपरेशन किया जा रहा था। दो अन्य महिलाओं को दूसरी मंजिल के एक कमरे में भर्ती किया गया था।
एसडीएम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतहपुर मंडाव के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय को सूचित किया। भर्ती दो जच्चा-बच्चा को एंबुलेंस से सीएचसी फतहपुर मंडाव में स्थानांतरित किया गया।
यह अस्पताल पिछले 10 वर्षों से अवैध रूप से चल रहा था। पहले भी एडिशनल सीएमओ ने निरीक्षण कर अस्पताल बंद करने का निर्देश दिया था। लेकिन प्रबंधन ने संचालन जारी रखा। किसी ने इसकी शिकायत आजमगढ़ मंडल के कमिश्नर से की थी।
एसडीएम ने अस्पताल के दस्तावेजों की जांच की। पाया गया कि अस्पताल मानकों के विपरीत चल रहा था। इसके बाद स्वास्थ्य टीम और पुलिस ने अस्पताल को सील कर दिया।
