रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सलेमपुर से सांसद डॉ. रमाशंकर राजभर ने 2027 में उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश का समावेशी विकास होगा।
सांसद ने सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश राजभर सत्ता के लिए अपने समाज से धोखा कर रहे हैं। वे सिर्फ भीड़ जुटाते हैं और युवाओं को गुमराह करते हैं। समाज को किताबें पकड़ाकर खुद सत्ता का सुख भोग रहे हैं।
डॉ. राजभर ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभलेने के लिए रिश्वत देनी पड़ रही है। आगजनी और प्राकृतिक आपदा से पीड़ित परिवारों को तीन महीने बाद भी मुआवजा नहीं मिला है। जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र में भी रिश्वतखोरी हो रही है। सांसद ने राजभर समाज की उपेक्षा पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वे शिक्षा और तकनीकी दक्षता के जरिए समाज को सशक्त बनाने के लिए काम कर रहे हैं। राशन कार्ड, आवास और पेंशन योजनाओं में भेदभाव की शिकायत की। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी जातियों और धर्मों को साथ लेकर चलती है।
सांसद के इस बयान के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह 'बबलू', अमित सिंह, विनय गोंड, मुस्लिम हुसैन, मुंशी राजभर, राजाराम समेत कई स्थानीय समाजवादी नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने पार्टी की नीतियों का समर्थन करते हुए क्षेत्र में सपा को मजबूत करने का संकल्प लिया।
