रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
देवरिया। देवरिया जिले के बनकटा विकास खंड स्थित कम्पोजिट विद्यालय विशुनपुरा में एक शिक्षक को फर्जी अंक पत्र के आधार पर नौकरी करने का मामला सामने आया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) शालिनी श्रीवास्तव ने सहायक अध्यापक गोरखनाथ तिवारी को बर्खास्त कर दिया है।
भटनी थाना क्षेत्र के नोनापार गांव निवासी गोरखनाथ तिवारी की नियुक्ति 2024 में 12,460 शिक्षक भर्ती के तहत हुई थी। नियुक्ति के दौरान जमा किए गए शैक्षणिक दस्तावेजों की जांच में उनका स्नातक का अंक पत्र फर्जी पाया गया।
बीएसए ने इस मामले में शिक्षक को नोटिस जारी कर 15 दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा था। निर्धारित समय सीमा में गोरखनाथ तिवारी की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद बीएसए ने सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी (एबीएसए) बनकटा से जांच कराई।
एबीएसए की जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने गोरखनाथ तिवारी की सेवा समाप्त करने का फैसला लिया। साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी बनकटा को शिक्षक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।


