रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया के बैरिया में भाजपा नेताओं ने निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की बढ़ती फीस के विरोध में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। मंगलवार दोपहर 12:30 बजे जिला सहसंयोजक प्रबुद्ध एवं शिक्षक प्रकोष्ठ तथा प्रभारी विधानसभा भाजपा हरि कंचन सिंह ने अन्य नेताओं के साथ बैरिया तहसील पहुंचकर यह ज्ञापन दिया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि एलकेजी से इंटरमीडिएट तक के निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की फीस मध्यम वर्गीय परिवारों की क्षमता से काफी ज्यादा है। स्कूल फीस के अलावा वाहन शुल्क, प्रति वर्ष नई किताबें, ड्रेस, जूते-मोजे और अन्य खर्चे अभिभावकों पर भारी पड़ रहे हैं। इससे छात्रों और अभिभावकों का आर्थिक और मानसिक शोषण हो रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की एक टीम बनाकर क्षेत्र की स्थिति का जायजा लिया जाए। इसके बाद इन विद्यालयों की फीस निर्धारित की जाए। एसडीएम आलोक प्रताप सिंह ने ज्ञापन को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर रत्नेश सिंह, अजय कुमार, मारकंडेय सिंह और नंद जी सिंह समेत कई भाजपा नेता मौजूद रहे।


