रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
आजमगढ़। आजमगढ़ जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करते हुए सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने प्रदेश और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला है। सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों, मजदूरों, दलितों, पिछड़ों व मुसलमानों के ऊपर अत्याचार और अन्याय कर रही है।
सरकार में बैठे लोग और अधिकारी संगठित भ्रष्टाचार कर रहे हैं। पूंजीपतियों के लिए भाजपा सरकार कानून बना रही है। यही कारण है की पूंजीपति लगातार मालामाल हो रहे हैं। सपा सांसद का कहना है कि PDA परिवार को हक अधिकार न्याय स्वाभिमान दिलाया जाएगा। भाजपा के लोग लगातार उपेक्षा कर रहे हैं।
सपा सांसद धर्मेंद्र यादव का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी के लोग मनुवाद और सामंतवाद लाना चाहते हैं। भाजपा के लोगों का यदि वश चले तो यह संविधान से आरक्षण ही खत्म कर दें। सपा सांसद का कहना है कि आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में 2024 से बेहतर परिणाम होंगे।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कैराना की समाजवादी पार्टी की महिला संसद इकरा हसन से हुए विवाद के मामले को लेकर सपा सांसद का कहना है कि यह बेहद ही अपमानजनक और शर्मनाक है। आजमगढ़ जिले की बाढ़ चौकियों के बारे में सपा सांसद धर्मेंद्र यादव का कहना है कि बाढ़ से निपटने के लिए अभी तक की व्यवस्था ठीक नहीं है। ऐसे में व्यवस्था और दुरुस्त किए जाने की जरूरत है।
बिहार से जुड़े एक सवाल पर सपा सांसद का कहना है कि बिहार की कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। जिस तरह से अपराधी अस्पताल में घुसकर हत्या कर रहे हैं, उससे समझा जा सकता है कि बिहार किस तरह से बदहाल हुआ है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, विधायक संग्राम यादव, अखिलेश यादव, नफीस अहमद, पूजा सरोज, विवेक सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
