1 जुलाई से 31 जुलाई तक चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान
मुरली मनोहर पांडेय
मऊ। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र द्वारा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के द्वितीय चरण (01 जुलाई से 31 जुलाई 2025 तक चलने वाला अभियान को हरी झंडी दिखाकर कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि संचारी रोग नियन्त्रण अभियान के अन्तर्गत जनपद में साफ सफाई, कचरा निस्तारण एवं छिड़काव तथा जागरूकता हेतु प्रचार प्रसार किया जायेगा। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ए0ई0एस0/जे0ई0 रोकथाम एवं नियन्त्रण गतिविधियों हेतु जनपद, ब्लाक तथा पंचायत/ग्राम स्तरों पर विभिन्न विभागों के बीच समन्वय हेतु नोडल का कार्य करेगा। आशा, ए0एन0एम0 तथा आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के सहयोग से समय पर उपचार एवं सन्दर्भन हेतु समुदाय स्तर पर बुखार के मरीजों की ट्रेकिंग की जायेगी। नोडल अधिकारी वेक्टर बार्न डा. आर.एन. सिंह ने बताया कि आशाओं को बुखार के मरीजों की ट्रेकिंग हेतु प्रशिक्षित किया गया है। इस माह के दौरान दिनांक 11 जुलाई से 31 जुलाई 2025 के बीच विशेष दस्तक अभियान संचालित किया जायेगा। ए0ई0एस0 केसेज की निगरानी हेतु स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया है इसके लक्षण दिखाई देते ही स्वास्थ्य केन्द्रों पर संदर्भन किये जाने का निर्देश है। जिला मलेरिया अधिकारी बेदी यादव ने बताया कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में वाहक के घनत्व का आंकलन, स्रोतों में कमी लार्वारोधी गतिविधियां तथा आवश्यकतानुसार फागिंग एवं छिड़काव हेतु बनाई कार्ययोजना के अनुसार किया जायेगा।
क्या करें : दिमागी बुखार का टीका जरूर लगवायें। मच्छरों के काटने से बचें मच्छरदानी, मच्छर अगरबत्ती या क्वायल आदि का प्रयोग करें। पूरे आस्तीन की कमीज, फुल पैंट मोजे पहनें। सुअरों को घर से दूर रखें। रहने की जगह साफ सुथरा रखें एवं जाली लगवायें। पीने के लिए ईण्डिया मार्का हैण्ड पम्प के पानी का प्रयोग करें। पानी हमेशा ढ़क कर रखें, छिछला हैण्ड पम्प के पानी को खाने पीने में प्रयोग न करें। पक्के व सुरक्षित शौचालयों का प्रयोग करें।शौच के बाद व खाने के पहले साबुन से हाथ अवश्य धोयें। नाखुनों को काटते रहें। लम्बे नाखुनों से भोजन बनाने व खाने से भोजन प्रदूषित होता है। दिमागी बुखार के मरीज को दाएं या बाएं करवट लिटाएं। यदि तेज बुखार हो तो पानी से बदन पोछतें रहें।
क्या न करें : बेहोशी व झटके की स्थिति में मरीज के मुॅह में कुछ भी न डालें। झोला छाप डाक्टरों के पास न जायें।घर के आस पास गंदा पानी इकट्ठा न होने दें।इधर-उधर कूड़ा-कचरा व गंदगी न फैलायें।
उक्त अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ0 राहुल सिंह, नोडल अधिकारी वेक्टर बार्न डा0 आर0एन0 सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी बेदी यादव, नगर पालिका परिषद मऊ के सफाई निरीक्षक सत्य प्रकाश यादव, राजीव शुक्ला यूनिसेफ के डी0एम0सी0 सौरभ सिह, सहायक मलेरिया अधिकारी तरुण कुमार, अर्बन कोआर्डिनेटर देवेन्द्र प्रताप यादव तथा मलेरिया निरीक्षक राजेश यादव व स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।


