रिपोर्ट : बीके सिंह
लखीमपुर खीरी, 10 जुलाई।
थाना फरधान क्षेत्र के ग्राम उजारगुम
में एक गरीब दलित महिला के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पीड़िता किरन देवी पत्नी दिनेश कुमार ने आरोप लगाया है कि गांव के ही कुछ दबंग लोगों ने 3 जुलाई को उनके घर में घुसकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा और गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पीड़िता के अनुसार, घटना के दिन वह खेत से लौटकर घर आई ही थीं कि विपक्षीगण जबरन घर में घुस आए और उन्हें बुरी तरह पीटते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे, तब जाकर आरोपित भागे।
किरन देवी ने बताया कि दबंगों ने यह भी धमकी दी कि यदि उसने इस घटना की शिकायत की तो पूरे परिवार को खत्म कर देंगे। पीड़िता ने थाना फरधान में घटना की शिकायत दी, लेकिन पुलिस द्वारा अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
थक-हारकर पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लखीमपुर खीरी को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, मेडिकल परीक्षण कराने और न्याय दिलाने की मांग की है।
