रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगेंद्र राणा द्वारा कैराना से सांसद इकरा हसन के खिलाफ की गई विवादित टिप्पणी पर समाजवादी पार्टी ने कड़ा विरोध किया है।
राणा ने सांसद के लिए कहा था 'मैं इकरा से निकाह कुबूल फरमाता हूं'। उन्होंने यह भी कहा कि 'मैं उन्हें घर नमाज पढ़ने की इजाजत दूंगा'।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राम गोविंद चौधरी ने इस टिप्पणी को सभ्य समाज के लिए अस्वीकार्य बताया। उन्होंने कहा कि ये टिप्पणियां एक निर्वाचित महिला सांसद की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं। यह धार्मिक आधार पर भी अपमानजनक है।
सपा के जिला उपाध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय ने महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जब एक महिला सांसद सुरक्षित नहीं है, तो आम महिलाओं की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
समाजवादी पार्टी ने दोषी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि वह महिला सांसद के मान-सम्मान के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी।


