रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
देवरिया। देवरिया में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का जनप्रतिनिधि सद्भावना सम्मेलन विवादों में आ गया। बैतालपुर क्षेत्र के महुआडी चौराहे पर राजहंस मैरिज हॉल में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम में प्रदेश प्रवक्ता सुभाष के जनसंपर्क कार्यालय का लोकार्पण किया गया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी और प्रदेश प्रवक्ता राघवेंद्र द्विवेदी उपस्थित रहे। पूर्व बसपा नेता संदेश यादव, विश्वजीत सिंह, अमित रजक और सुमन भारती भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष रविंद्र राजभर को न तो साथ बुलाया गया और न ही फोटो में स्थान दिया गया। कार्यक्रम में उनके नाम का उल्लेख तक नहीं किया गया। इससे नाराज होकर वे अपने समर्थकों के साथ कार्यक्रम की शुरुआत से पहले ही वहां से चले गए।
रविंद्र राजभर ने कहा कि जिला अध्यक्ष का सम्मान न होने पर कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति का कोई औचित्य नहीं है। कार्यक्रम में देवरिया जिले के दूधराज क्षेत्र से भी कई लोग पहुंचे। जिला पंचायत प्रतिनिधियों ने ओमप्रकाश राजभर को अपनी समस्याएं बताईं। उन्होंने समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया और योगी सरकार की कार्यप्रणाली की सराहना की।


