रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ के जिला कलेक्ट्रेट परिसर में कांग्रेस नेताओं ने उत्तर प्रदेश सरकार के विरुद्ध प्रदर्शन किया। सरकार ने 5000 परिषदीय विद्यालयों को मर्ज करने का आदेश दिया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा।
पूर्व विधायक अमरेश चंद पांडेय ने कहा कि सरकार की यह प्रक्रिया पहले से चल रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित प्राथमिक विद्यालयों को 3 किलोमीटर दूर के स्कूलों में विलय किया जा रहा है। इन स्कूलों में गांव के गरीब बच्चे पढ़ते हैं। अमरेश चंद पांडेय ने बताया कि 5-7 वर्ष के छोटे बच्चों को अब 3 किलोमीटर दूर पढ़ने जाना पड़ेगा। पिछली सरकारों ने गरीब परिवारों के बच्चों को उनके गांव में ही शिक्षा मिल सके, इसलिए हर गांव में स्कूल खोले थे। फतेहपुर मंडाव ब्लॉक में 33 प्राथमिक विद्यालय और 3 जूनियर स्कूल बंद किए जा रहे हैं। इन्हें अन्य विद्यालयों में समायोजित किया जाएगा। प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव, रमन पांडेय और स्वामी नाथ राय समेत कई नेता मौजूद रहे। सभी ने मांग की कि सरकार अपने इस निर्णय को तुरंत वापस ले।


