रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया के फेफना स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय सिहाचवर में सोमवार सुबह छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। छात्र विद्यालय के मुख्य द्वार पर बिना नाश्ता किए थाली लेकर धरने पर बैठ गए।
छात्रों ने प्राचार्य पर कई गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि मामूली आपसी विवाद में प्राचार्य ने पुलिस से उनकी पिटाई करवाई। विद्यालय में बिजली और पानी की समस्या है। छात्रावास में साफ-सफाई का अभाव है। भोजन की गुणवत्ता भी खराब है। छात्रों का आरोप है कि इन समस्याओं की शिकायतें नहीं सुनी जा रही हैं।
मौके पर गड़वार पुलिस तैनात रही। नायब तहसीलदार और एसडीएम सदर ने छात्रों से बातचीत की। अधिकारियों ने विद्यालय की व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्रों को भोजन कराया गया। आश्वासन और भोजन मिलने के बाद छात्रों ने धरना समाप्त कर दिया।


