रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में ताजिया जुलूस से वापस लौटते समय हुए विवाद और फायरिंग के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। रेवती थाना क्षेत्र के खरिका कौलेनपाण्डेय टोला में हुई इस घटना में पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष प्रशांत चौधरी को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही उपनिरीक्षक जितेन्द्र पाण्डेय और आरक्षी आनन्द कुमार को सस्पेंड कर दिया है।
घटना 6 जुलाई की रात करीब 11 बजे की है। ताजिया जुलूस के दौरान साधू यादव के घर के सामने बिजली के तार को लेकर विवाद शुरू हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत करा दिया। लेकिन वापसी के दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हो गई और फायरिंग भी हुई।
इस घटना में एक पक्ष के 4 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 2 लोगों को गोली लगी है। अन्य दो को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। थाना एएचटी के प्रभारी संजय कुमार मिश्र को नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी सदर को सौंपी गई है। घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में है।


