रिपोर्ट: प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ जिले के मधुबन के फतहपुर मंडाव ब्लॉक में ग्राम सभा लधुवाई के प्रधान पर सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत पर हुई जांच में पाया गया कि ग्राम प्रधान रामनगीना यादव और तत्कालीन सचिव भानू प्रताप सिंह ने वित्तीय वर्ष 2022-23 में मिली 12 लाख रुपए की राशि का गलत इस्तेमाल किया।
जांच में खुलासा हुआ कि इस राशि से खरीदे गए ट्रैक्टर का पंजीकरण प्रधान के पुत्र के नाम पर कराया गया।
साथ ही रोटावेटर, कल्टीवेटर और एलाज रियर की खरीद दिखाई गई, लेकिन जांच में केवल ट्रैक्टर ही मिला। ग्रामीणों ने शिकायत की कि ट्रैक्टर का उपयोग ग्राम पंचायत और सार्वजनिक कार्यों के लिए नहीं किया जा रहा है।
उप कृषि निदेशक ने 31 मार्च 2025 को अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया कि यह ट्रैक्टर पराली न जलाने के लिए किसानों को कृषि कार्य हेतु कम दर पर देने के लिए खरीदा गया था। नियम के अनुसार सभी कृषि यंत्र ग्राम पंचायत के नाम होने चाहिए थे। जिला लेखा परीक्षा ने भी 27 जून 2025 को अपनी रिपोर्ट में आरोपों को सही पाया।
इस मामले में जिलाधिकारी ने कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान के वित्तीय और प्रशासनिक अधिकारों को सीज कर दिया है। इस कार्रवाई से अन्य ग्राम प्रधानों में हड़कंप मच गया है।


