रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
चित्रकूट के मऊ तहसील क्षेत्र में कपूरी ग्राम मजरा खजुरिया कला के किसानों ने लेखपाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों का कहना है कि लेखपाल ने अयोध्या के कुछ लोगों से मिलीभगत कर उनकी जमीन की गलत पैमाइश की है।
*लेखपाल की नाप से सहमत नहीं*
सहू, रामनारायण और भुल्लू समेत कई किसानों ने बताया कि लेखपाल ने उन्हें सूचित किए बिना जमीन की नाप-जोख की। कुछ लोग मौके पर मौजूद थे, लेकिन वे लेखपाल की नाप से सहमत नहीं थे। इसके बावजूद लेखपाल ने मनमानी करते हुए उनकी जमीन से पांच कड़ी रकबा कम कर दिया।
मामले में पीड़ित किसानों ने एसडीएम मऊ सौरभ यादव को लिखित शिकायत सौंपी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि अयोध्या के कुछ लोग रैपुरा थाने में फर्जी शिकायत देकर उनकी जमीन पर कब्जा करने का दबाव बना रहे हैं। स्थानीय पुलिस ने किसानों को 10 दिन में नाप करवाने की हिदायत दी है। एसडीएम सौरभ यादव ने किसानों का ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि टीम भेजकर पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।


