रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने रानीपुर शिक्षा क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय बड़ागांव का आकस्मिक निरीक्षण किया। विद्यालय में 9 शिक्षक, एक शिक्षामित्र और दो अनुदेशक कार्यरत हैं।
कुल 226 नामांकित छात्रों में से निरीक्षण के दौरान 170 छात्र उपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने अनुपस्थित छात्रों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया। शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचने और शत-प्रतिशत छात्र उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने कक्षाओं का निरीक्षण कर छात्रों से संचारी रोग के बारे में जानकारी ली और पठन-पाठन की स्थिति की समीक्षा की। विद्यालय परिसर में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। रसोई घर के निरीक्षण में भोजन की गुणवत्ता की जांच की गई। मेन्यू के अनुसार भोजन बनाने और गुणवत्तापूर्ण सामग्री का प्रयोग करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।




