रिपोर्ट: प्रिंस प्रजापति
देवरिया के नगर पंचायत भटनी में पोखर सौंदर्याकरण कार्य में बड़ी अनियमितता सामने आई है। वार्ड नंबर 7 रामपुर खुरहरिया में स्थित पोखर के विकास के लिए 30 लाख रुपए खर्च किए गए। योजना के तहत पोखर के किनारे इंटरलॉकिंग, सीढ़ियां, स्ट्रीट लाइट और फव्वारा लगाए जाने थे। कार्यदायी संस्था को अगस्त 2024 में पहली किस्त के 7.50 लाख रुपए दिए गए। जनवरी 2025 में शेष 22.50 लाख रुपए का भुगतान कर दिया गया।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि काम अधूरा छोड़ दिया गया है। सीढ़ियों का निर्माण घटिया है। इंटरलॉकिंग सही तरीके से नहीं की गई। फव्वारे में मोटर, नोजल और पाइप नहीं लगाए गए। स्ट्रीट लाइट भी नहीं लगाई गई। फिर भी शिलापट्ट लगाकर काम पूरा बताया गया। लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। नगर पंचायत प्रशासन ने सफाई में कहा कि पोखरे पर लगे सामान चोरी हो गए हैं। इस बारे में पुलिस को शिकायत की गई है।
नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार गुप्त ने कहा कि शासन की मंजूरी के बाद ही काम कराया गया। काम पूरा होने के बाद ही भुगतान किया गया। अधूरा काम ठीक करा दिया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने जांच टीम बनाई है। टीम को 15 दिन में रिपोर्ट देनी है।




