रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
देवरिया के मईल थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात एक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। बरहज थाना क्षेत्र के मोना गढ़वा निवासी अशोक कुमार गौतम बाइक से अपनी ससुराल मईल थाना क्षेत्र के नारियाव गांव जा रहे थे। नारियाव गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अशोक की मौके पर ही मौत हो गई।
अशोक तीन बहनों के इकलौते भाई थे। वे तीज के अवसर पर रात में अकेले ससुराल के लिए निकले थे। दुर्भाग्य से उनकी पत्नी तीज का व्रत कर उनकी लंबी उम्र की कामना कर रही थी। पति की मौत की खबर सुनते ही वह दहाड़ मारकर रोने लगी।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में शामिल ट्रक की तलाश जारी है। घटना से गांव और ससुराल दोनों जगहों पर शोक की लहर है।



