रिपोर्ट : रामदुलारी पटेल
बाराबंकी। जिला बार एसोसिएशन बाराबंकी के अध्यक्ष नरेंद्र वर्मा को समाजवादी अधिवक्ता सभा का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है। समाजवादी पार्टी ने उनके लंबे समय से किए जा रहे संघर्ष, परिश्रम और संगठनात्मक मजबूती में योगदान को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि नरेंद्र वर्मा की सक्रियता, जनसंपर्क और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच उनकी पकड़ पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाएगी। नियुक्ति पत्र सौंपते हुए समाजवादी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण कन्हैया पाल ने विश्वास जताया कि वे गरीबों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, दलितों और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाएंगे और जनता का भरोसा समाजवादी पार्टी की विचारधारा में बढ़ाने का कार्य करेंगे।
नरेंद्र वर्मा लंबे समय से समाजवादी आंदोलन से जुड़े रहे हैं और अधिवक्ता समाज में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी नियुक्ति से पार्टी के अधिवक्ता प्रकोष्ठ को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि आने वाले समय में नरेंद्र वर्मा देशभर में समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने, संगठन को मजबूत करने और आम जनता की समस्याओं को आवाज देने में अहम भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर संजय यादव बाबा, मोहम्मद अब्बास और नीलू यादव सहित कई प्रमुख अधिवक्ता और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
