रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। बलिया पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत उभांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित 10,000 रुपये के इनामी अपराधी निखिल गुप्ता को शनिवार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। थाना उभांव के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह अपनी टीम के साथ अखोप चट्टी पर वाहनों की जाँच कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली। सूचना के अनुसार गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त निखिल गुप्ता रेलवे क्रासिंग गेट, बेल्थरा रोड के पास मौजूद था। निखिल बहादुरपुर कारी, थाना गड़वार का रहने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर लिया। निखिल गुप्ता पर पहले से ही गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था। पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 10,000 रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ अवैध हथियार रखने के आरोप में एक और मामला दर्ज किया गया है। निखिल गुप्ता का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। इसमें चोरी, धोखाधड़ी, और मारपीट जैसे कई मामले शामिल हैं। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया है।
