रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया के बेल्थरा रोड स्थित तुर्तीपार चट्टी के पास शनिवार रात साढ़े 8 बजे एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। चंदायल कला के इंद्रजीत राजभर (25) और धन्नजय वर्मा (29) जन्माष्टमी के लिए देवरिया जिले के भागलपुर से फल-फूल खरीदकर लौट रहे थे तुर्तीपार बैरियर के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिर गए। स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस से घायलों को सीएचसी सीयर पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इंद्रजीत राजभर जगदीश राजभर के पुत्र थे। धन्नजय वर्मा रमेश मौर्या के पुत्र थे। हादसे की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। घटना की जानकारी देते हुए उभांव एसएचओ राजेन्द्र प्रसाद सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया गया है। ट्रक चालक वाहन छोड़ कर फरार हैं। आगे की पुलिस कार्रवाई जारी है।



