रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
देवरिया। देवरिया के लार थाना क्षेत्र के रावतपार रघेन गांव में एक नवविवाहिता की दहेज के लिए हत्या का मामला सामने आया है। मृतका अनीता चौहान (29) की शादी विनोद चौहान से 6 फरवरी 2023 को हुई थी।
मृतका के पिता रामा प्रसाद चौहान के अनुसार, शादी के बाद से ही दहेज को लेकर बेटी को प्रताड़ित किया जाता था। घटना वाली रात साढ़े दस बजे अनीता ने अपने पिता को फोन किया था। वह घबराई हुई थी और दिन में हुए विवाद की बात बता रही थी। पिता ने दामाद विनोद को समझाने की कोशिश की। लेकिन कुछ देर बाद मोबाइल बंद हो गया।
रविवार सुबह गांव वालों ने सूचना दी कि रात में अनीता की हत्या कर शव जला दिया गया है। सूचना पर बरहज के सीओ अंशुमन श्रीवास्तव और प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार बाजपेयी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए हैं।
पुलिस ने मृतका का मोबाइल और दो बाइक जब्त कर लिए हैं। घटना के बाद से मृतका के पति समेत ससुराल के सभी लोग फरार हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



