राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरली मनोहर पांडे ने दी चेतावनी, "जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, पूरे देश में राष्ट्रवादी युवा ब्राह्मण महासंघ चलाएगा आंदोलन
मऊ। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के नोनहरा थाना क्षेत्र में बिजली के खंभे लगाने के विरोध में धरना दे रहे दिव्यांग भाजपा कार्यकर्ता सियाराम उपाध्याय की पुलिस की बर्बर लाठीचार्ज से मौत के मामले ने पूरे राज्य में सनसनी फैला दी है। इस घटना के विरोध में राष्ट्रवादी युवा ब्राह्मण महासंघ ने आज मऊ जिले में पांच सूत्री मांगों के साथ नगर मजिस्ट्रेट के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। संगठन ने पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी, दोषी पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा, पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच तथा तत्काल न्याय सुनिश्चित करने की मांग की है।
घटना की जानकारी देते हुए संगठन की कोर कमेटी सदस्य अर्चना उपाध्याय ने कहा, "सियाराम उपाध्याय की हत्या पूरे मानवता जगत की हत्या है। जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, राष्ट्रवादी युवा ब्राह्मण महासंघ निरंतर संघर्ष करता रहेगा।" कार्यक्रम में कोर कमेटी के सदस्य रमन पांडे, हसनाथ तिवारी, सेमट सहित बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया। ज्ञापन सौंपते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरली मनोहर पांडे ने चेतावनी दी, "जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, पूरे देश में राष्ट्रवादी युवा ब्राह्मण महासंघ आंदोलन चलाएगा।"
