मुरली मनोहर पांडेय
नवाबगंज, बाराबंकी,:भारत के प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व, कृतित्व, न्यू इंडिया@2047 और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित 15 दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन मंगलवार को नवाबगंज नगरपालिका परिसर में किया गया। यह प्रदर्शनी सूचना विभाग द्वारा लगाई गई है।
शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, एमएलसी अंगद कुमार सिंह, हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद मौर्य, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) राजकुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी राकेश तिवारी एवं नगरपालिका नवाबगंज के ईओ द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा, "हमारा देश प्रधानमंत्री के नेतृत्व में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि व विकास के सभी क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है। पूरी दुनिया उनकी कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता को मान रही है। जो अपने संघर्ष से आगे बढ़े, अपने दम पर खुद को गढ़े, उसे कहते हैं– नरेंद्र मोदी।"
एमएलसी अंगद कुमार सिंह ने प्रधानमंत्री द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं और निर्णयों पर प्रकाश डालते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की।
विधायक दिनेश रावत ने कहा, "प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने 'विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश 2047' का जो विजन दिया है, उसे साकार करने में हम सभी को अपना योगदान देना चाहिए।"
भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद मौर्य ने कहा कि "प्रधानमंत्री अंत्योदय के उपासक, एक भारत-श्रेष्ठ भारत के शिल्पकार हैं, जो सुशासन, नारीशक्ति, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ जैसे अभियानों से एक नया भारत गढ़ रहे हैं। हमें उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए।"
प्रभारी जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन के प्रेरणादायक प्रसंगों से लेकर केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों को चित्रों और जानकारी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को ज़मीन पर उतारने में जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में संदीप गुप्ता, प्रमोद तिवारी, श्रीमती नीता अवस्थी, विजय आनंद बाजपेई, राजा कासिम सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।