मुरली मनोहर पांडेय
आजमगढ़। जनपद आजमगढ़ के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के दौना गांव से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। एक युवक पर आरोप है कि वह एक 9 साल के बच्चे को
अपने घर ले जाकर एक उस पर हमलावर हो गया और तेज़ धारदार हथियार से उसका गला काटने की कोशिश की। परिजनों ने जब बच्चा नहीं देखा तो खोजबीन शुरू की, उस दौरान आरोपी युवक से ही पूछताछ की तो उसने इनकार कर दिया। परिजन जब उसके घर में घुसे तो बच्चे को लहूलुहान हालत में पाया।
आजमगढ़ जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में नेगवां गांव निवासी 9 वर्षीय मुहम्मद असजद अपने नाना हाजी फिरोज़ अहमद निवासी देवगांव थाना अंतर्गत दौना के घर गांव आया था। बताया गया कि वह नाना के साथ फज्र की नमाज़ अदा करने गया और नमाज़ के बाद हाजी फिरोज़ अहमद नमाज़ अदा करने के लिए रुक गये, जबकि असजद अकेले ही घर लौट रहा था। इसी दौरान दौना गांव का ही एक युवक साकिब उसे अपने घर लेकर गया, आरोप है कि वह बच्चे का गला रेतने लगा। काफी देर तक बच्चा घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने तलाश शुरू की। शक के आधार पर जब वे आरोपी साकिब के घर पहुंचे तो उसने पहले बच्चे के वहां होने से इनकार किया, लेकिन जब परिजन अंदर गए तो देखे कि असजद घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। परिजनों ने तुरंत बच्चे को बाहर निकाला और चिकित्सक के पास ले गए तथा पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच तथा कार्यवाही में जुट गई। इस मामले में पुलिस परिजनों की तहरीर पर आरोपी को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्जकर कार्यवाही कर रही है। वहीं बच्चे की हालत अभी सामान्य बताई जा रही है।
