आगामी शेष दिनों में फार्म कलेक्शन हेतु बीएलए की सक्रियता बढ़ाने एवं उनके सहयोग हेतु की विशेष अपील
मुरली मनोहर पांडेय
मऊ। जिलाधिकारी श्री प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में आज विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति एवं अन्य बातों को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य राजनीतिक दलों को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति से अवगत कराने के साथ ही साथ राजनीतिक दलों द्वारा उठाई गई समस्याओं एवं शंकाओं का समाधान भी करना है। इसके अलावा राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बी एल ए के सहयोग से यथाशीघ्र इस कार्यक्रम को संपन्न भी कराना है। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रथम चरण में फार्म वितरण की कार्रवाई पूर्ण होने के बाद कलेक्शन एवं डिजिटाइजेशन का कार्य चल रहा है। 27 नवंबर को सुबह 8:00 बजे तक जनपद में डिजिटाइजेशन का कुल 44.07 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। सबसे बेहतर प्रगति विधानसभा क्षेत्र मोहम्मदाबाद गोहना में हुई है, जहां पर 47.52 प्रतिशत एवं सबसे कम विधानसभा क्षेत्र मधुबन में हुई है जहां पर डिजिटाइजेशन का 41.47 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र मऊ में 45.35 प्रतिशत एवं घोसी में 42.16 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिनों में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में तेजी से प्रगति हुई है। दिनांक 24 नवंबर को जहां डिजिटाइजेशन का कुल 23.49 प्रतिशत का पूर्ण हुआ था, वहीं 25 नवंबर को 31.35 एवं 26 नवंबर को 39.32 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण हुआ था। उन्होंने बताया कि इस प्रकार प्रतिदिन 7 से 8% की दर से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसमें और तेजी लाने हेतु उन्होंने राजनीतिक दलों से विशेष अपील की।विशेष कर शहरी क्षेत्र में फार्म वितरण में आ रही कठिनाइयों की दृष्टिगत उन्होंने राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बी एल ए को विशेष सहयोग करने को कहा तथा शेष आगामी शेष दिनों में बी एल ए को विशेष सक्रिय करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि शेष गणना प्रपत्र कलेक्शन में सहयोग करें तथा जो भी फॉर्म अभी जमा नहीं हुए हैं उसे यथाशीघ्र जमा करवाने में भी सहयोग करें जिससे ड्राफ्ट रोल में मतदाता का नाम आ सके। उन्होंने सभी पार्टियों से अपील की कि वह अभी से फॉर्म कलेक्शन कार्य हेतु सहयोग करने में जुड़ जाए अगर किसी कारणवश किसी मतदाता को गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुआ है अथवा वह जमा नहीं कर पाया है, तो 9 दिसंबर के बाद माननीय भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी 13 साक्ष्यों में से सुसंगत साक्ष्य जमा कर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकता है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से यह भी अपील की की कोई भी पात्र मतदाता का नाम सूची में जोड़ने से ना छूटने पाए तथा किसी भी अपात्र का नाम ना जुड़ पाए, इसमें भी आप सहयोग करें।इसके अलावा कोई भी वाजिब शिकायत हो तो तत्काल किसी भी समय उच्च अधिकारियों को सूचित करें एवं यथासंभव शिकायतों का मौके पर स्वयं भी परीक्षण कर लें अथवा अपने बी एल ए को मौके पर भेज कर यथा स्थिति से भी अवगत हो लें। बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी /अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी सहित अन्य मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
