रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया में हनुमानगंज ब्लॉक क्षेत्र के ब्राह्मइन स्थित प्रसव केंद्र पर बुधवार रात प्रसव के बाद एक नवजात शिशु की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने केंद्र पर तैनात एएनएम और दाई पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
मृत नवजात के परिजन ओमप्रकाश पाठक ने बताया कि प्रसव पीड़ा होने पर गर्भवती महिला को तत्काल प्रसव केंद्र लाया गया। आरोप है कि प्रसव के दौरान तैनात एएनएम शीला सिंह और दाई समराजी ने लापरवाही बरती, जिसके कारण नवजात शिशु की सांसें नहीं चल सकीं और उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि यदि सही समय पर उचित चिकित्सा प्रक्रिया अपनाई जाती, तो शिशु की जान बचाई जा सकती थी।
घटना के बाद ओमप्रकाश पाठक ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, पीएचसी वयना को शिकायत पत्र सौंपा। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एएनएम शीला सिंह और दाई समराजी को केंद्र से हटाने का आदेश दिया।
मौके पर पहुंचे प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के प्रतिनिधि एवं ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि दोनों स्वास्थ्य कर्मियों को फिलहाल ड्यूटी से हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रसव केंद्र की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं मृतक शिशु का परिवार भी न्याय के लिए अड़ा है और दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग कर रहा है।
