रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। जनपद के घोसी में रविवार शाम 4 बजे 'सर्व समाज हिन्दू जोडो यात्रा' का आयोजन किया गया। यह यात्रा देर शाम तक चली। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचार के विरोध में एक भव्य रोड शो निकाला गया। इस रोड शो में भारतीय भैरव सेना पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदित्य राजभर के नेतृत्व में सैकड़ों लोग शामिल हुए। यह यात्रा सर्वोदय पीजी कॉलेज घोसी से शुरू होकर नदवासराय बाजार तक लगभग 5 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए संपन्न हुई। इस दौरान सभी प्रतिभागियों के हाथों में भगवा ध्वज थे और 'जय श्रीराम' के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। रोड शो का जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया, जिससे क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर भारतीय भैरव सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदित्य राजभर ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू समाज पर हो रहे अत्याचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने हिंदू समाज से जाति और वर्ग से ऊपर उठकर एकजुट होने का आह्वान किया, ताकि उनकी आवाज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुनी जा सके।राजभर ने भारत सरकार से बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। आदित्य राजभर ने बताया कि 'सर्व समाज हिन्दू एकता सम्मेलन' का मुख्य उद्देश्य समाज को जागरूक करना और हिंदू एकता को मजबूत करना है।
यह कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। इस दौरान डॉ. अर्जुन राजभर, विशाल राजभर, विजय बहादुर राजभर, संजय राजभर, सुधीर राजभर, शोभनाथ राजभर, अंकित राजभर, गुलशन कुमार, विकास राजभर, अजीत राजभर सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
