रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बेरुआरबारी क्षेत्र के सुखपुरा कस्बे में स्थित दो शिव मंदिरों में रविवार रात चोरी हो गई। चोरों ने प्रसिद्ध बुढ़वा शिव मंदिर से शिवलिंग और मां दुर्गा के आभूषण चुरा लिए, जबकि एक अन्य शिवालय से दानपेटी लेकर फरार हो गए। इस घटना से श्रद्धालुओं में आक्रोश और चिंता का माहौल है। बुढ़वा शिव मंदिर के पुजारी प्रभुनाथ उपाध्याय ने सोमवार तड़के मंदिर में साफ-सफाई के लिए आने पर चोरी का पता चला। उन्होंने देखा कि शिवलिंग गायब है। शिवलिंग, अरघा और नाग देवता पर लगभग चार किलो चांदी का पत्तर लगा हुआ था। मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा से भी सोने के आभूषण, जिनमें नथिया, चूड़ी और कुंडल शामिल थे, चोरी कर लिए गए।
पूर्व प्रधान शिवदान सिंह के घर के पास स्थित शिवालय का ताला तोड़कर चोर दानपेटी ले गए। सुबह शौच के लिए गई महिलाओं ने खेत में टूटी हुई दानपेटी देखी, जिसके बाद शिवदान सिंह ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक डॉ. ओमवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक कृपाशंकर और क्षेत्राधिकारी उस्मान सहित प्रभारी निरीक्षक सुशील दुबे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
