रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) प्रशांत नागर, आईएएस ने अपने नाम से एक फर्जी फेसबुक आईडी बनाए जाने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया है। यह मामला सोशल मीडिया से जुड़ा है और कोतवाली नगर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है।
सीडीओ नागर द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाई है। इस आईडी को अनधिकृत और भ्रामक तरीके से संचालित किया जा रहा है। शिकायत में यह भी बताया गया है कि उनके परिवार की प्रोफाइल फोटो का भी दुरुपयोग किया गया है।
फर्जी आईडी के माध्यम से उनके असली फेसबुक अकाउंट से जुड़े मित्रों को भ्रमित करने के उद्देश्य से फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही हैं। तहरीर में उल्लेख है कि उनके पद और प्रतिष्ठा को देखते हुए यह कृत्य जानबूझकर किया गया है, जो उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास है।
प्राप्त तहरीर के आधार पर, कोतवाली नगर पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम 2008 की धारा 66 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
