रिपोर्ट : बीके सिंह
लखीमपुर खीरी। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर प्रगतिशील ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में ब्राह्मण धर्मशाला, लखीमपुर में भव्य खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आपसी भाईचारे व सामाजिक एकता का संदेश दिया। खिचड़ी भोज कार्यक्रम में महासभा के जिलाध्यक्ष नंदकुमार मिश्रा एवं महामंत्री कुमदेश शंकर शुक्ला की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके साथ ही नगर अध्यक्ष लखीमपुर हरिनाम अवस्थी, नगर महामंत्री नीतीश कुमार मिश्रा, संगठन मंत्री अंकुर पांडे ‘टप्पू’, विधानसभा संयोजक धौरहरा ओमनारायन शुक्ला, धौरहरा नगर अध्यक्ष अभिषेक शुक्ला सहित संगठन के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने मकर संक्रांति के सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में एकता, सहयोग और सद्भावना को बल मिलता है। जिलाध्यक्ष नंदकुमार मिश्रा ने कहा कि प्रगतिशील ब्राह्मण महासभा समाज को संगठित करने, युवाओं को दिशा देने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। महामंत्री कुमदेश शंकर शुक्ला ने संगठन की आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए सभी से सहयोग की अपील की। खिचड़ी भोज में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। आयोजकों ने सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों व उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।
