रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत केंद्र, मऊ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वाधान में डीसीएसके पीजी कॉलेज, मऊ से गाजीपुर तिराहा तक मतदाता जागरूकता पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रतीक जायसवाल जी, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो० शर्वेश पांडेय जी तथा कार्यक्रम की संयोजक राशि मिश्रा जी द्वारा पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर किया गया। पदयात्रा में महाविद्यालय के एनसीसी, एनएसएस, रोवर्स-रेंजर्स तथा मेरा युवा भारत केंद्र के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।मुख्य अतिथि प्रतीक जायसवाल जी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का मतदान में भाग लेना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डीसीएसके पीजी कॉलेज, मऊ के प्राचार्य प्रो० शर्वेश पांडेय जी ने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारा नैतिक कर्तव्य है। कार्यक्रम की संयोजक राशि मिश्रा जी ने आयोजन की रूपरेखा तैयार करने के साथ-साथ कार्यक्रम के संचालन एवं समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के सहसंयोजक एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ० विशाल कुमार जायसवाल एवं रविन्द्र कुमार जी रहे, जबकि कार्यक्रम के नियंत्रक श्री ओमकार सिंह जी रहे, जिनके निर्देशन में संपूर्ण कार्यक्रम सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। पदयात्रा गाजीपुर तिराहा से पुनः डीसीएसके पीजी कॉलेज परिसर में संपन्न हुई, जहाँ सभी प्रतिभागियों को मतदाता शपथ दिलाई गई। इसके पश्चात नव-पंजीकृत मतदाताओं (नए वोटरों) को सम्मानित किया गया, जिससे युवाओं में मतदान के प्रति उत्साह और जागरूकता का संचार हुआ। राष्ट्रगान के पश्चात कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी, छात्र-छात्राएँ एवं स्वयंसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। संपूर्ण कार्यक्रम लोकतांत्रिक चेतना और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरक उदाहरण बना।
